ब्यूरो : कबीर
उत्तर प्रदेश के Muzaffarnagar जनपद में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ने गुरुवार को बड़ा रूप ले लिया, Sanjay Kumar Verma के नेतृत्व में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने एक ही दिन में पांच बड़े एनकाउंटर कर कई शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया, इन कार्रवाइयों के बाद अपराध जगत में हड़कंप मच गया है।
20 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
सबसे बड़ी कार्रवाई थाना कोतवाली नगर और एसओजी की संयुक्त टीम ने की, मुठभेड़ के दौरान 20 हजार रुपये का इनामी बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से वांछित था और कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
शाहपुर में दो अंतरजनपदीय चोर घायल
थाना शाहपुर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो अंतरजनपदीय चोर घायल हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से करीब 250 किलोग्राम चोरी किया गया जस्ता, दो तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल किया गया टेंपो बरामद किया।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से कई अन्य चोरी की घटनाओं का खुलासा हो सकता है।
अपहरण और धर्म परिवर्तन मामले का आरोपी दबोचा
थाना नई मंडी क्षेत्र में पुलिस ने उस आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया, जिस पर नाबालिग किशोरी के अपहरण, धर्म परिवर्तन और शादी के प्रयास का आरोप है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
बुढाना में गौकशी के आरोपी गिरफ्तार
थाना बुढाना पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए गौकशी में शामिल दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस और एक महिंद्रा एक्सयूवी कार बरामद की है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी लंबे समय से गौकशी की घटनाओं में सक्रिय थे।
अपराधियों में दहशत, जनता में भरोसा
लगातार हुई पुलिस मुठभेड़ों के बाद जिले में अपराधियों के बीच दहशत का माहौल बताया जा रहा है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने साफ कहा है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से जहां आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है, वहीं अपराधियों में खौफ दिखाई देने लगा है।
