मिलावटखोरों पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, भारी मात्रा में खाद्य तेल सीज

Spread the love

रामपुर से शारिक खान की रिपोर्ट
रामपुर में खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाते हुए कई प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध खाद्य तेल सीज किया और विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर जनपद में मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभागीय टीम लगातार जांच अभियान चला रही है।
सहायक आयुक्त (खाद्य) एवं अभिहित अधिकारी सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में 6 और 7 मई 2026 को सदर बाजार, टांडा और शाहबाद समेत विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों की गहन जांच की गई। इस दौरान एडिबल वेजिटेबल ऑयल, राइस ब्रान ऑयल, रिफाइंड तेल, कच्ची घानी सरसों तेल, रस्क, डबल टोंड दूध और घी सहित कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
जांच के दौरान गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर करीब 523 किलोग्राम एडिबल वेजिटेबल ऑयल और 58 लीटर राइस ब्रान ऑयल को मौके पर ही सीज कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने तक इन उत्पादों की बिक्री पर रोक रहेगी।
अभियान के तहत कुल 9 विधिक नमूने और 1 सर्विलांस नमूना लेकर प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने स्पष्ट कहा है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि मिलावटखोरों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रखा जाए।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामचंद्र यादव, मनोज कुमार, अशोक कुमार, देवकांत, राहतुद्दीन दोस्तो समेत विभागीय टीम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *