रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। जनपद में आमजन की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। शनिवार को तहसील सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि हर शिकायत का निस्तारण तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण और निष्पक्ष तरीके से किया जाए।
समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, पुलिस कार्यवाही, पेंशन, राजस्व और अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। इस दौरान डीएम और एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी शिकायत को लंबित रखना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी मामलों में मौके पर जाकर जांच कर शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों ने विशेष रूप से महिला अपराध से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए और कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों और आम जनता को साइबर अपराध और ठगी के बढ़ते मामलों को लेकर भी जागरूक किया। लोगों को ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के उपाय विस्तार से बताए गए, ताकि वे सतर्क रहकर खुद को सुरक्षित रख सकें।
समाधान दिवस के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रविशंकर समेत पुलिस और प्रशासन के तमाम अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में प्रशासन की सख्ती और जवाबदेही साफ तौर पर दिखाई दी, जिससे आमजन को त्वरित राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

