सट्टे के अड्डे पर पुलिस का छापा, दो शातिर गिरफ्तार, नकदी व पर्चियां बरामद

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। जनपद में अवैध जुआ-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सट्टे के एक सक्रिय अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सट्टा पर्चियां, डायरी और हजारों रुपये की नकदी बरामद की है।
थाना प्रभारी बबलू सिंह वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात गली नंबर 9, इमामबाड़ा के पास लद्दावाला क्षेत्र में दबिश दी। यहां अफसर अब्बास उर्फ अफसर जैदी के मकान में लंबे समय से सट्टे का अवैध कारोबार संचालित होने की सूचना मिल रही थी। पुलिस के पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफसर अब्बास उर्फ अफसर जैदी (45) निवासी लद्दावाला और दीपक वर्मा (30) निवासी हनुमान चौक के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से 08 सट्टा पर्चियां, एक डायरी, एक नीला पैन और कुल 20,020 रुपये की नकदी बरामद की।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी अफसर अब्बास पहले भी कई बार सट्टा एक्ट और अन्य धाराओं में नामजद रह चुका है, जिससे उसके आदतन अपराधी होने की पुष्टि होती है। वहीं दीपक वर्मा के खिलाफ भी पूर्व में सट्टा अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
कोतवाली नगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को समय से न्यायालय में पेश किया जाएगा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त अन्य लोगों की भी तलाश जारी है।
जनपद पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि अवैध जुआ और सट्टे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *