Homeराष्ट्रीयईद पर देश लौटा ठगी का मास्टरमाइंड चढ़ा पुलिस के हत्थे, करोड़ों...

ईद पर देश लौटा ठगी का मास्टरमाइंड चढ़ा पुलिस के हत्थे, करोड़ों की धोखाधड़ी का खुलासा

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना पुलिस ने करोड़ों रुपये की ठगी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त हाजी इकराम को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को मॉल रोड से दबोचा, जिसके कब्जे से लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड और एक पासपोर्ट बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ‘स्टेप फार्मिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ नामक कंपनी के जरिए लोगों को जैविक वर्मी कम्पोस्ट खाद बनाने का झांसा दिया और उनसे लाखों-करोड़ों रुपये की ठगी की। इस मामले में इन्द्रा कॉलोनी निवासी राजकुमार की तहरीर पर वर्ष 2025 में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, लेकिन मुख्य आरोपी लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
थानाप्रभारी सिविल लाइन आशुतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मॉल रोड से आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पुलिस से बचने के लिए सऊदी अरब भाग गया था और ईद के मौके पर वापस भारत लौटा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी पर मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और हरिद्वार के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी समेत कई गंभीर धाराओं में छह मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की गहन जांच में जुटी है।
इस गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, क्योंकि आरोपी लंबे समय से फरार रहकर लोगों को ठगने वाले गिरोह का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments