रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। थाना रामराज क्षेत्र में खेत से शीशम के पेड़ काटकर चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को पुलिस ने धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए शीशम के 43 टुकड़े बरामद किए हैं। घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जलालपुर नीला निवासी राजपाल सिंह ने तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनके खेत की डोल पर खड़े चार शीशम के पेड़ों को काट लिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना रामराज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और टीम का गठन किया।
गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मीरापुर स्थित गोल्डन ट्रेडर्स पर दबिश दी, जहां से दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से शीशम के पेड़ों के 43 कटे हुए टुकड़े बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि उन्होंने 25 फरवरी को पेड़ों को काटा था। उन्हें जानकारी थी कि खेत मालिक के यहां शादी समारोह होने के कारण घर वाले व्यस्त हैं। इसी का फायदा उठाकर उन्होंने पेड़ों को काटकर जंगल में छिपा दिया और बाद में बेचने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान निवासी मीरापुर और मस्तान उर्फ मस्तू निवासी समाना उर्फ रामराज के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक मस्तान पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि भी सामने आई है।
पुलिस ने बरामद लकड़ी को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में पुलिस की तत्परता की सराहना की जा रही है।

