Homeराष्ट्रीय‘नव निर्माण के 9 वर्ष’ पर ऋण मेले की बौछार, योजनाओं से...

‘नव निर्माण के 9 वर्ष’ पर ऋण मेले की बौछार, योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को बांटे चेक व टूलकिट

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘नव निर्माण के 9 वर्ष’ पूर्ण होने के अवसर पर शहर के पंजाब नेशनल बैंक सभागार में आयोजित ऋण वितरण कैम्प में विकास योजनाओं की गूंज सुनाई दी। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत चयनित लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र, चेक और टूलकिट वितरित कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाया गया।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने मंच से ही बैंक अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि बैंकर्स अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराएं, ताकि रोजगार के अवसर बढ़ें और स्थानीय स्तर पर उद्योग-धंधों को गति मिल सके।
कार्यक्रम में उद्योग विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। इसके साथ ही ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना के कारीगरों को टूलकिट देकर उनके हुनर को मजबूती दी गई। वहीं, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत भी पात्र लोगों को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए, जिससे सौर ऊर्जा को बढ़ावा मिल सके।
विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि मुजफ्फरनगर के अधिक से अधिक नागरिकों को इन योजनाओं से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर पात्र व्यक्ति तक योजना की जानकारी और लाभ दोनों सुनिश्चित किए जाएं।
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार, पंजाब नेशनल बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक राजेंद्र पॉल, अग्रणी जिला प्रबंधक अनिल कुमार सिंह, पीओ नेडा भजन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन के दौरान लाभार्थियों के चेहरों पर आत्मनिर्भरता की उम्मीद साफ झलकती नजर आई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments