ब्यूरो रिपोर्ट
नर्मदापुरम। बानापुरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के स्टॉपेज और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की चल रही मांगों को लेकर आज 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर चरणबद्ध आंदोलन के चौथे चरण के तहत जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में शहरवासी और नागरिक हाथों में काली पट्टी बांधकर मौन धरने पर बैठे और रेलवे प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
बानापुरा स्टेशन पर ट्रेन स्टॉपेज हेतु चलाए जा रहे इस व्यापक चरणबद्ध आंदोलन के तहत पत्रकार संघ एवं आप हम सब नागरिकगण, सिवनी मालवा एवं बानापुरा के आह्वान पर यह मौन प्रदर्शन आयोजित किया गया। इससे पहले ज्ञापन सौंपने, हस्ताक्षर अभियान और पोस्टकार्ड अभियान जैसे शुरुआती चरण सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं। आज गांधी जयंती के दिन मौन धरना देकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया।
शहरवासियों ने स्पष्ट किया है कि यदि रेलवे प्रशासन ने जल्द ही बानापुरा स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और अन्य बुनियादी समस्याओं का निराकरण नहीं किया, तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा। तय किए गए आगामी चरणों के अनुसार:
पाँचवा चरण: छात्र-छात्राओं के साथ विशाल प्रदर्शन किया जाएगा।
छठवां चरण: नागरिकों के साथ मिलकर मशाल जुलूस निकाला जाएगा।
सातवां चरण: सिवनी मालवा और बानापुरा में ‘नगर बंद’ का आह्वान किया जाएगा।
आठवां और अंतिम चरण: उग्र रूप लेते हुए ‘रेल रोको अभियान’ चलाया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन में स्थानीय निवासियों, युवाओं और पत्रकार संगठन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और एक स्वर में बानापुरा स्टेशन के विकास व ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग उठाई।
