रिपोर्ट – मोहम्मद नसीम
बाराबंकी। नगर पंचायत सुबेहा कार्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह नौ बजे नगर पंचायत अध्यक्ष देवीदीन रावत ने ध्वजारोहण कर की।
इसके बाद महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
गांधी जयंती के अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष देवीदीन रावत ने कर्मचारियों के साथ हाथ में झाड़ू लेकर नगर पंचायत कार्यालय परिसर के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सुबेहा परिसर में साफ-सफाई की। उन्होंने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 16 कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित कर्मचारियों ने नगर की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के साथ अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर सभासद प्रतिनिधि रिजवान खान, हाफिज जहीर, गिरजा रावत, महेंद्र मौर्य, विशाल, जयप्रकाश, दिनेश, लाखू शाहू, छेदन, राधेश्याम यादव, पूर्व सभासद अज्जू, लिपिक सतीश श्रीवास्तव, नरेंद्र, कस्पी, राजेश समेत नगर पंचायत के कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद रहे।
