Homeउत्तर प्रदेशसरकारी स्कूल में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, शातिर चोर दबोचा;...

सरकारी स्कूल में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, शातिर चोर दबोचा; गैस सिलेंडर व भगोने बरामद

ब्यूरो: कबीर
मो.: 9389289821

मुजफ्फरनगर। थाना फुगाना पुलिस ने सरकारी विद्यालय में हुई चोरी की घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चार बड़े भगोने, एक एलपीजी गैस सिलेंडर तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी चोरी की घटनाओं में जेल जा चुका है और विभिन्न क्षेत्रों में वारदातों को अंजाम देता रहा है।

पुलिस के मुताबिक ग्राम लोई स्थित उच्च प्राथमिक एवं प्राथमिक विद्यालय से अज्ञात चोर बर्तन और गैस सिलेंडर चोरी कर ले गया था। मामले में विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार की तहरीर पर थाना फुगाना में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद थानाध्यक्ष जयवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम लोई नहर पुलिया के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ग्राम लोई निवासी सुहैल पुत्र समीम (20 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी का सामान और एक अवैध चाकू बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह स्कूलों और मकानों से बर्तनों की चोरी करता है। उसने थाना तितावी क्षेत्र में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक अजीत कुमार, उपनिरीक्षक कोशेंद्र तोमर, कांस्टेबल अमित कुमार तथा रिक्रूट कांस्टेबल शिवम चंद्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments