रिपोर्ट – कबीर
मुज़फ्फरनगर। तीर्थनगरी शुकतीर्थ स्थित शहीद भगत सिंह खेल एकेडमी में सोमवार को महान क्रांतिकारी सरदार भगत सिंह की जयंती राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाई गई। इस अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 32 युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ महामंडलेश्वर स्वामी गोपालदास महाराज, स्वामी विज्ञानानंद महाराज एवं भाजपा नेता अमित राठी ने फीता काटकर किया। शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए रक्तदान किया।
इस अवसर पर स्वामी विज्ञानानंद महाराज ने कहा कि “जिस ओर जवानी चलती है, उस ओर जमाना चलता है।” उन्होंने कहा कि अंग्रेजी शासन के दौरान भारतवासियों पर अनेक प्रकार की पाबंदियां और शर्तें थोपी जाती थीं। ऐसे समय में युवा भगत सिंह ने अन्य क्रांतिकारियों के साथ अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष किया और देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि क्रांतिकारियों का बलिदान आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। हमारी परंपरा किसी को नुकसान पहुंचाने की नहीं, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर अन्याय के विरुद्ध दृढ़ता से खड़े होने की रही है।भगवान श्री राम ने तीन दिनों तक समुद्र से रास्ता देने का निवेदन किया।समुद्र के द्वारा रास्ता न देने पर प्रभु को धनुष बाण उठाने पड़े थे।
महामंडलेश्वर स्वामी गोपालदास महाराज ने कहा कि युवाओं को सरदार भगत सिंह जैसे महान क्रांतिकारियों के जीवन से प्रेरणा लेकर देशसेवा और समाजसेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान करना चाहिए। रक्तदान जैसे कार्य मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और युवाओं को ऐसे सामाजिक कार्यों में आगे आना चाहिए।
इस दौरान भाजपा नेता अमित राठी, विनोद शर्मा, शुभम कौशिक, अमित सालार, वीशू सहरावत, विपुल सहरावत, अंकुर ठाकरान, डॉ. आलोक कुमार, पिंटू मलिक, अभिषेक जावला, विनय बालियान, बलजीत भारती, अरविंद कुमार आदि मौजूद रहे।
