रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। विदेशों में बड़े व्यापारिक ऑर्डर दिलाने और विदेशी खरीदार उपलब्ध कराने का झांसा देकर व्यापारियों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का साइबर अपराध थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन, पैन कार्ड, कंपनी से संबंधित दस्तावेज और आईसीई-यूके के फर्जी प्रमाण-पत्र बरामद हुए हैं। जांच में विभिन्न राज्यों से जुड़ी 30 से अधिक शिकायतों में करीब 1.50 करोड़ रुपये की ठगी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, गृह मंत्रालय के ‘प्रतिबिंब’ पोर्टल पर मिली साइबर अपराध की शिकायतों में ठगी की रकम मुजफ्फरनगर से एटीएम के जरिये निकाले जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद साइबर अपराध थाना पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच में ‘विजन ट्रेड इंडिया’ नाम की वेबसाइट के जरिये व्यापारियों को ठगने वाले गिरोह का पता चला।
गिरोह के सदस्य कृषि उत्पाद, कपड़े, फैशन सामान, वाहन के पुर्जे, इलेक्ट्रॉनिक सामान, फर्नीचर और रसायन आदि के लिए विदेशों से बड़े ऑर्डर और खरीदार उपलब्ध कराने का दावा करते थे। इसके बदले व्यापारियों से सदस्यता शुल्क के नाम पर मोटी रकम ली जाती थी। रकम लेने के बाद प्रमाण-पत्र बनवाने और सत्यापन के नाम पर भी अतिरिक्त पैसे वसूले जाते थे।
जांच में जीएमपी, आईएसओ और आईसीई-यूके समेत कई प्रमाण-पत्रों की जांच की गई तो उनके फर्जी होने की जानकारी सामने आई। आरोप है कि रकम लेने के बाद व्यापारियों को न तो वास्तविक खरीदार उपलब्ध कराए जाते थे और न ही कोई वास्तविक व्यापारिक सौदा कराया जाता था। कुछ समय बाद आरोपी फोन और व्हाट्सऐप संदेशों का जवाब देना भी बंद कर देते थे। पुलिस के मुताबिक फर्जी दस्तावेज और बैंक खातों का इस्तेमाल कर यह पूरा ठगी का जाल चलाया जा रहा था।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने विशाल सैनी निवासी पारासौली, बुढ़ाना, गौरव कुमार निवासी पालम गांव, नई दिल्ली और शिवम कुमार निवासी द्वारिका, नई दिल्ली को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ साइबर अपराध थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की भी जांच कर रही है। इससे ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह, उपनिरीक्षक जय शर्मा, मुख्य आरक्षी बालकिशन, आकाश चौधरी, सुनील कुमार, आरक्षी रोबिन कसाना, राहुल कुमार और महिला आरक्षी मोनिका शामिल रहीं।
