रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत चार अक्टूबर को शहर में पैदल मार्च निकाला जाएगा। सपा कार्यालय से शुरू होने वाला मार्च कचहरी गेट स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थल तक पहुंचेगा। यहां पार्टी कार्यकर्ता प्रदर्शन कर अपनी मांगें रखेंगे।
शनिवार को सपा कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर दो से आठ अक्टूबर तक लोकतंत्र बचाओ सप्ताह मनाया जा रहा है। विधानसभा स्तर पर बैठकें भी आयोजित की जा चुकी हैं।
जिया चौधरी ने बताया कि चार अक्टूबर को सुबह 11 बजे सपा कार्यालय से पैदल मार्च शुरू होगा। मार्च कचहरी गेट स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर पहुंचेगा। यहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा। पार्टी की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंकने की भी घोषणा की गई है।
उन्होंने मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने को लेकर भी सवाल उठाए। कहा कि जिन लोगों के नाम प्रक्रिया के बाद मतदाता सूची से हटाए गए हैं, उनकी वैधानिक स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। यह भी बताया जाए कि भविष्य में उन्हें मतदान का अधिकार किस आधार पर मिलेगा और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने की स्थिति क्या होगी।
चरथावल विधायक पंकज मलिक ने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और जनहित के सवालों को लेकर पार्टी का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
