Homeउत्तर प्रदेशरोहाना में एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव शुरू, वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी,...

रोहाना में एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव शुरू, वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, सांसद चंदन चौहान की पैरवी लाई रंग, ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से किया ट्रेन का स्वागत

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। रोहाना कलां रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को उस समय खुशी की लहर दौड़ गई, जब वर्षों से बंद दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस का ठहराव दोबारा शुरू हो गया। कोरोना काल में बंद हुई ट्रेन के ठहराव की बहाली के लिए क्षेत्रवासी लंबे समय से मांग उठा रहे थे। बिजनौर सांसद चंदन चौहान की लगातार पैरवी के बाद रेलवे ने 11 सितंबर 2026 से रोहाना कलां स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव बहाल कर दिया। ट्रेन के पहुंचते ही ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से उसका भव्य स्वागत किया।

ठहराव शुरू होने के साथ ही रोहाना कलां और आसपास के करीब एक दर्जन गांवों के यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। अब उन्हें दिल्ली और हरिद्वार जाने के लिए दूसरे साधनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। नौकरी, कारोबार, पढ़ाई और रोजमर्रा के जरूरी कामों से दोनों शहरों की यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह सुविधा बेहद अहम मानी जा रही है।

दरअसल, कोरोना काल के बाद रेलवे ने रोहाना कलां स्टेशन पर दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस का ठहराव बंद कर दिया था। इसके बाद से ही ग्रामीण लगातार ट्रेन को दोबारा रोकने की मांग कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने कई बार जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रखी। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए बिजनौर सांसद चंदन चौहान ने मामले को गंभीरता से लिया और संसद से लेकर रेल मंत्रालय तक ठहराव बहाल कराने के लिए पैरवी की।

सांसद चंदन चौहान ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष भी रोहाना कलां स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव का मुद्दा प्रमुखता से रखा। लगातार प्रयासों के बाद रेलवे ने ट्रेन का ठहराव बहाल करने की मंजूरी दी। शुक्रवार से हरिद्वार से दिल्ली जाने वाली ट्रेन संख्या 14304 और दिल्ली से हरिद्वार जाने वाली ट्रेन संख्या 14303 रोहाना कलां स्टेशन पर यात्रियों के लिए उपलब्ध रही।

ट्रेन के पहुंचते ही गूंजा स्वागत

ट्रेन के रोहाना कलां स्टेशन पर पहुंचते ही ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। लोगों ने फूल-मालाओं से ट्रेन का स्वागत किया और लंबे समय बाद मिली इस सुविधा पर खुशी जताई। इस दौरान ग्रामीणों ने सांसद चंदन चौहान और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार का माला और पटका पहनाकर स्वागत किया।

ग्रामीणों ने कहा कि ट्रेन का ठहराव बहाल होना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे आसपास के गांवों के लोगों का समय और खर्च दोनों बचेंगे। खासकर रोजाना दिल्ली और हरिद्वार आने-जाने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा।

सिर्फ ठहराव नहीं, ग्रामीणों के लिए बड़ी कनेक्टिविटी

रोहाना कलां स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेन का दोबारा ठहराव महज रेलवे की समय-सारिणी में बदलाव नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी परेशानी का समाधान है। एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को अब दिल्ली और हरिद्वार के लिए सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी। लंबे समय से उठ रही मांग के पूरा होने से ग्रामीणों में सांसद चंदन चौहान के प्रति भी संतोष नजर आया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments