रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। नाबालिग को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर घर से ले जाने के मामले में चरथावल पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को रामपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मुरादाबाद का रहने वाला है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया।
चरथावल थाना क्षेत्र निवासी व्यक्ति ने आठ सितंबर को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उसकी नाबालिग पुत्री घर से बिना बताए चली गई है। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। मामले की गंभीरता को देखते हुए चरथावल पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 171/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
उप निरीक्षक आयुष्मान ने संभाली जांच, सुराग जुटाकर आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की विवेचना उप निरीक्षक आयुष्मान को सौंपी गई। उन्होंने पुलिस टीम के साथ पीड़िता की तलाश के लिए लगातार पतारसी-सुरागरसी की। जांच के दौरान पीड़िता के बयानों और सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी गुफरान पुत्र मौ. शाकिर निवासी सियाली खद्दर, थाना डिलारी, जनपद मुरादाबाद का नाम सामने आया।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी। शुक्रवार को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के बाद चरथावल पुलिस टीम ने रामपुर तिराहे पर घेराबंदी कर आरोपी गुफरान को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में उप निरीक्षक आयुष्मान और कांस्टेबल 1400 राहुल गिरी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
