रिपोर्ट – संदीप वर्मा
बाराबंकी। बाराबंकी में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में पर्यावरण संरक्षण एवं जनसहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से व्यापक हरिशंकरी पौधारोपण अभियान संचालित किए जाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 24 सितम्बर 2026 को अभियान के रूप में जनपद की प्रत्येक ग्राम पंचायत तथा नगर निकायों के प्रत्येक वार्ड में एक-एक हरिशंकरी पौधे का रोपण किया जाएगा। इस अभियान में विभिन्न सामाजिक संगठनों, प्रतिष्ठित समाजसेवियों एवं प्रशासन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सामाजिक संगठनों के साथ आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अभियान की समुचित कार्ययोजना तैयार करें और हरिशंकरी पौधारोपण अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक चेतना के इस अभियान में सभी की सहभागिता महत्वपूर्ण है तथा प्रत्येक स्तर पर प्रभावी समन्वय सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी आकाश दीप, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारीगण, जनपद के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
