Homeउत्तर प्रदेशमुजफ्फरनगर में नशे के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, 10 लाख की प्रतिबंधित...

मुजफ्फरनगर में नशे के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, 10 लाख की प्रतिबंधित कफ सिरप और 3 लाख की नकदी बरामद

मुजफ्फरनगर | कबीर

जनपद की बुढाना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित वेनेरेक्स कफ सिरप की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की 2845 शीशियां प्रतिबंधित कफ सिरप, तीन लाख रुपये की नकदी तथा तस्करी में प्रयुक्त एक कार बरामद की है। मामले का मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
प्रभारी निरीक्षक सुभाष बाबू अत्री के नेतृत्व में पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप उत्तराखंड भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर बुढाना-कांधला मार्ग से विज्ञाना जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान एक संदिग्ध आल्टो कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 24 कार्टनों में पैक 2845 शीशियां वेनेरेक्स कफ सिरप बरामद हुईं। साथ ही तीन लाख रुपये की नकदी भी बरामद कर जब्त कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमजद पुत्र मोहम्मद अरशद, गुलवेज पुत्र इंतजार और जोएब पुत्र जावेद के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गाजियाबाद निवासी शुभम से प्रतिबंधित कफ सिरप खरीदते थे और उसे उत्तराखंड में ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाते थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी में सक्रिय था और युवाओं तक नशे की खेप पहुंचा रहा था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके।
इस मामले में थाना बुढाना पर मुकदमा संख्या 242/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार मुख्य आरोपी शुभम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments