रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। सपा जिला कार्यालय पर सोमवार को पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री-एमएलसी डॉ. राजपाल कश्यप ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कार्यकर्ताओं ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया। प्रेसवार्ता में कश्यप ने महंगाई, गन्ना भुगतान, खाद, फसल नुकसान, कानून-व्यवस्था और आरक्षण के मुद्दे उठाए।
उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की परेशानी बढ़ा दी है। रसोई गैस एक हजार रुपये से ऊपर पहुंच गई है। पेट्रोल-डीजल और रोजमर्रा की जरूरतों के दाम बढ़ने से परिवारों का बजट बिगड़ गया है। उन्होंने खाने-पीने की वस्तुओं और पढ़ाई से जुड़ी चीजों पर कर के बोझ का भी मुद्दा उठाया।
गन्ना भुगतान और खाद पर सरकार को घेरा
कश्यप ने कहा कि 14 दिन में गन्ना भुगतान का वादा किया गया था, लेकिन कई चीनी मिलों पर किसानों का भुगतान अब भी बकाया है। किसान खाद के लिए कतारों में खड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि खाद के बोरे का वजन कम करने के साथ कीमत बढ़ा दी गई। बारिश से फसलों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग भी की।
बुलडोजर कार्रवाई पर सवाल
प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कश्यप ने आरोप लगाया कि बुलडोजर कार्रवाई में गरीब, मजदूर और पिछड़े वर्ग के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कश्यप समाज से जुड़े लोगों की हत्या की घटनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार पर कार्रवाई में भेदभाव का आरोप लगाया।
आरक्षण को लेकर भी हमला
कश्यप ने भाजपा पर पिछड़ों के आरक्षण को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई सपा लड़ रही है। उन्होंने पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और महिलाओं को साथ लेकर 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाने का दावा किया।
प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष जिया चौधरी, महानगर अध्यक्ष बोबी त्यागी, राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष श्यामलाल सैनी, जिला महासचिव सोमपाल कोरी, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सतीश गुर्जर, मौलाना नजर, रामपाल पाल, सलीम मलिक, डॉ. मोनिका, लोकेंद्र कुमार, धर्मेंद्र पंवार और यशपाल चौधरी आदि मौजूद रहे।
