रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर बैंक कर्मचारियों ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने केंद्र सरकार और बैंक प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र में लगातार काम का दबाव बढ़ रहा है, लेकिन कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों पर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने के साथ ही अन्य मांगों को लेकर कर्मचारी लंबे समय से आवाज उठा रहे हैं।
कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर तीन दिन की हड़ताल भी की जाएगी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार और बैंक प्रबंधन को कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द समाधान निकालना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने एकजुट होकर आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।
