Homeउत्तर प्रदेशबाराबंकी में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’,...

बाराबंकी में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, सेवा, सुशासन, जनकल्याण एवं जनभागीदारी से जुड़ी होंगी विभिन्न गतिविधियां

रिपोर्ट – संदीप वर्मा

बाराबंकी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा की यात्रा को जनकल्याण, जनभागीदारी तथा ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत गांव से लेकर शहर तक सेवा, जनकल्याण, जागरूकता, सांस्कृतिक एवं जनभागीदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

अभियान के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विभिन्न विकास कार्यों से जनजीवन में आए सकारात्मक बदलावों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही युवा, महिला, किसान, वंचित एवं पात्र लाभार्थी वर्गों को विभिन्न गतिविधियों से जोड़ते हुए ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प के प्रति जागरूक किया जाएगा।

अभियान के प्रभावी संचालन के लिए शासन स्तर से निर्धारित प्रमुख कार्यक्रमों के अनुसार जनपद स्तर पर संबंधित अधिकारियों को उत्तरदायित्व सौंपे गए है। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में अभियान की तैयारियों एवं क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा की जाएगी। अभियान के अंतर्गत लाभार्थियों का चिन्हीकरण, कार्यक्रम स्थलों का चयन, टीमों का गठन, कार्यक्रमों की समय-सारणी तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा हेतु प्रभारी मंत्री/राज्यमंत्री कारागार सुरेश राही की अध्यक्षता में निरीक्षण भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत प्रशासक राजरानी रावत, एमएलसी अंगद सिंह, जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा राम सिंह वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में अभियान के सफल एवं प्रभावी संचालन, विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित किए जाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ से होगा शुभारंभ। अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा। ग्राम पंचायतों एवं नगरीय वार्डों में रक्तदान शिविर तथा दिव्यांगजन कल्याण से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित परिवारों द्वारा शाम 7 बजे अपने घरों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। प्रमुख अवस्थापना परियोजनाओं, नदी घाटों, मंदिरों, पार्कों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं चिकित्सालयों में भी विशेष दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ के माध्यम से विद्यार्थियों की होगी सहभागिता। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 5 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग तथा कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उच्च शिक्षण संस्थानों में भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं तथा युवाओं के साथ संवाद के माध्यम से ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ की संकल्पना को आगे बढ़ाया जाएगा। श्रेष्ठ प्रविष्टियों का विद्यालय, विकासखंड एवं जिला स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा।

‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ से गांव-गांव पहुंचेगी बदलाव की कहानी। अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटकों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों से आए बदलाव की कहानियों को सरल एवं प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाया जाएगा। ग्राम पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों, विद्यालयों तथा अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

‘आंगन मिलन सेवा’ से माताओं एवं बच्चों को जोड़ा जाएगा। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा एवं उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सम्मान, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता कार्यक्रम, महिला एवं बाल विकास योजनाओं की जानकारी तथा बच्चों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस दौरान ‘हेल्दी बेबी’ प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।

‘सेवा की कहानी-डिजिटल व रील अभियान’ के माध्यम से सामने आएंगी सफलता की कहानियां। सरकारी योजनाओं एवं जनोपयोगी परियोजनाओं से लाभान्वित ऐसे परिवारों एवं नागरिकों की वास्तविक सफलता की कहानियों को डिजिटल माध्यमों पर साझा किया जाएगा, जिनके जीवन में योजनाओं के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन आया है। लाभार्थियों को स्वयं अपनी कहानी साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि योजनाओं के प्रभाव और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी व्यापक स्तर तक पहुंच सके।

अभियान के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों द्वारा आपसी समन्वय से निर्धारित गतिविधियों को समयबद्ध रूप से संपादित किया जाएगा तथा कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments