रिपोर्ट: सुदेश वर्मा
बागपत। बागपत जनपद के बिनौली विकासखंड में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मनरेगा कार्यों, पेंशन योजनाओं, आईजीआरएस शिकायतों, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजनाओं सहित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान बीडीओ नरेंद्र सिंह ने ग्राम सचिवों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांवों में खराब पड़े वाटर कूलर, आरओ प्लांट और सरकारी हैंडपंपों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द दुरुस्त कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को पेयजल संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा फैमिली आईडी निर्माण, गौशालाओं की व्यवस्था, स्वच्छता अभियान और अन्य विकास योजनाओं की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बीडीओ ने सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर लंबित कार्यों को पूरा करने और जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में ग्राम सचिव, एडीओ पंचायत, सहायक अभियंता, बैंक अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
