खतौनी में गलत अंश दर्ज होने की शिकायत पर तत्काल सुधार कराकर आवेदक को उपलब्ध कराई संशोधित खतौनी
एक सप्ताह में अंत्योदय कार्ड से संबंधित सभी लंबित प्रकरणों का निस्तारण कराएं : डीएम
अधिक शिकायत वाले क्षेत्रों में विद्युत विभाग की टीम भेजकर मौके पर ही समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें : डीएम
रिपोर्ट – संदीप वर्मा
बाराबंकी। पति की मृत्यु के बाद परिवार के भरण-पोषण के लिए अंत्योदय योजना पर निर्भर रसुला पत्नी स्व गुलाम, निवासी ग्राम दोहई, विकास खण्ड सूरतगंज, का अंत्योदय कार्ड स्थानांतरण कई माह से लंबित था। अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद लेकर वह तहसील फतेहपुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह के समक्ष पहुंचीं। जिलाधिकारी ने उनकी समस्या को गंभीरतापूर्वक सुना और तत्काल जिला पूर्ति अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश पर आवेदिका के अंत्योदय कार्ड में आवश्यक संशोधन कराते हुए उसे तत्काल जारी कराया गया।इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद में अंत्योदय कार्ड के स्थानांतरण एवं संशोधन से संबंधित सभी लंबित प्रकरणों का एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसके बाद भी इस प्रकार की शिकायतें लंबित पाए जाने पर प्रतिकूल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।
तहसील फतेहपुर में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान ग्राम थनैतपुर निवासी संतोष कुमार ने खतौनी में गलत अंश दर्ज होने की शिकायत प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित राजस्व निरीक्षक को मौके पर बुलाया तथा आवश्यक कार्रवाई कर खतौनी में दर्ज गलत अंश को सही कराया। इसके बाद आवेदक को संशोधित खतौनी उपलब्ध कराई गई।
विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी फतेहपुर को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों से विद्युत संबंधी अधिक शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, उन्हें चिन्हित कर निर्धारित दिवस तय किया जाए। उक्त दिवस पर तहसील परिसर में विद्युत विभाग की टीम की उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ ही आवश्यकता के अनुसार संबंधित क्षेत्रों में मौके पर टीम भेजकर शिकायतों का निस्तारण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण स्वीकार नहीं किया जाएगा। शिकायतों का स्थलीय सत्यापन कराते हुए वास्तविक एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफॉर्मर, कनेक्शन एवं अन्य समस्याओं के निस्तारण में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
विभिन्न तहसीलों में आयी शिकायतें और निस्तारण
तहसील नवाबगंज में एसडीएम की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 147 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 12 का मौके पर निस्तारण किया गया।तहसील राम सनेहीघाट में आयोजित समाधान दिवस में 100 में से 13 का, तहसील सिरौलीगौसपुर मे 18 प्रार्थना पत्रों में से 04 का, तहसील रामनगर में 89 में से 05 का, तहसील फतेहपुर में 56 में से 07 का तथा तहसील हैदरगढ़ में 68 में से 02 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों का निस्तारण संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर एसपी अर्पित विजयवर्गीय, एसडीएम फतेहपुर कार्तिकेय सिंह सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
