रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। किताबी ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने के उद्देश्य से श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के विद्यार्थियों को भोपा स्थित पीआरसी कंस्ट्रक्शन की निर्माण साइट का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। बीटेक सिविल इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक सिविल इंजीनियरिंग और आर्किटेक्चर के विद्यार्थियों ने भ्रमण के दौरान भवन निर्माण की बारीकियां समझीं और आधुनिक तकनीकों की जानकारी हासिल की।
संस्थान के चेयरमैन डॉ. एससी कुलश्रेष्ठ के मार्गदर्शन और निदेशक प्रो. (डॉ.) अश्वनी कुमार वशिष्ठ के निर्देशन में आयोजित इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में पढ़ाए जाने वाले सिद्धांतों से आगे बढ़कर निर्माण कार्यों की वास्तविक परिस्थितियों से परिचित कराना था।
निर्माण की बारीकियों से रूबरू हुए विद्यार्थी
निर्माण स्थल पर विद्यार्थियों को भवन निर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं, निर्माण सामग्री के इस्तेमाल, साइट प्रबंधन, इंजीनियरिंग ड्राइंग और आर्किटेक्चरल प्लानिंग की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने मौके पर चल रही तकनीकी गतिविधियों को समझा और निर्माण कार्यों से जुड़े सवालों के जवाब भी हासिल किए।
कंपनी संचालक प्रदीप गुप्ता, जूनियर इंजीनियर इं. कमल कुमार और आर्किटेक्ट एंड बिल्डर्स निशांत कुमार ने विद्यार्थियों को निर्माण की व्यावहारिक प्रक्रियाओं, आधुनिक तकनीकों, गुणवत्ता नियंत्रण और कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने निर्माण क्षेत्र में रोजगार और करियर की संभावनाओं से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया।
सफल इंजीनियर बनने के लिए व्यावहारिक अनुभव जरूरी
विशेषज्ञों ने कहा कि एक कुशल इंजीनियर बनने के लिए केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। तकनीकी दक्षता के साथ अनुशासन, टीमवर्क और समस्याओं का समाधान खोजने की क्षमता भी जरूरी है। विद्यार्थियों को नई निर्माण तकनीकों से जुड़ने और अपने कौशल को लगातार विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने और निर्माण उद्योग की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिला। विभागाध्यक्ष इं. फिरोज अली के साथ इं. प्रवेश कुमार, इं. गौरांग शर्मा, इं. शुभम गुप्ता और शिवानी सिंह ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में इं. प्रवेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर पॉलिटेक्निक के प्राचार्य इं. आशीष कुमार, इं. विपुल शर्मा, इं. विपिन कुमार, इं. अलीशा सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
