रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। एनएच-58 बाईपास स्थित नचिकेता स्कूल्स में शनिवार को विजयादशमी (दशहरा) का पर्व हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित संपूर्ण रामायण का भावपूर्ण मंचन कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट अभिनय, प्रभावशाली संवादों और शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, माता सीता की मर्यादा, लक्ष्मण के समर्पण तथा हनुमान जी की अटूट भक्ति को सजीव रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रावण दहन रहा, जिसके माध्यम से अहंकार, अधर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अधिशासी अभियंता श्री कुलदीप सिंह ने विद्यालय में आयोजित कौशल बोध प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों की रचनात्मकता, प्रतिभा और कौशल की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर राज किशोर गुप्ता, योगेश कुमार जैन, अशोक कुमार कंसल, सुशील कुमार जैन, शुभम जैन, अचिन कंसल, आराध्य जैन, अनुराग सिंघल, प्रवीण गोयल, अनिकेत, आकाश जैन तथा अर्चित गोयल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या श्रीमती जसबीर कौर एवं उप-प्रधानाचार्या (प्रशासन) श्रीमती विक्की जैन ने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं धार्मिक परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का समापन इस प्रेरणादायक संदेश के साथ हुआ कि अहंकार और बुराई का अंत निश्चित है तथा अंततः सदैव सत्य, धर्म और अच्छाई की विजय होती है।
