रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। रुड़की रोड स्थित जनसेवा केंद्र से हुई 2.20 लाख रुपये की चोरी का कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया। शेरपुर रजवाहे के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार संदिग्धों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को शेरपुर निवासी हामिद हसन के रुड़की रोड स्थित जनसेवा केंद्र से नकदी चोरी की गई थी। घटना के बाद एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी की टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी थीं।
बुधवार को शेरपुर रजवाहे के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार शेरपुर की ओर भागने लगे। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। कुछ दूरी पर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद तीनों आरोपी जंगल की ओर भागे और दोबारा पुलिस पर फायरिंग की।
पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद फायरिंग जारी रहने पर जवाबी कार्रवाई की गई। इसमें समीर पुत्र चांद निवासी शेरपुर घायल हो गया। पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान सुहैल पुत्र नफीस को गिरफ्तार कर लिया, जबकि आशिफ पुत्र अदालत फरार हो गया। घायल समीर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 2.20 लाख रुपये, एक बैग, घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक और 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम कॉम्बिंग कर रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार समीर और फरार आशिफ के खिलाफ कोतवाली नगर समेत अन्य थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा और एसओजी प्रभारी मोहित सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में कोतवाली नगर और एसओजी के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
