Homeउत्तर प्रदेशचीनी के बढ़े दामों के विरोध में भाकियू लाल बहादुर शास्त्री का...

चीनी के बढ़े दामों के विरोध में भाकियू लाल बहादुर शास्त्री का अनोखा प्रदर्शन, 45 रूपये किलो में बेची चीनी

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। चीनी के बढ़े बाजार भाव को लेकर भारतीय किसान यूनियन लाल बहादुर शास्त्री ने अनोखा विरोध शुरू किया है। संगठन ने रुड़की चुंगी पर स्टॉल लगाकर लोगों को 45 रुपये किलो की दर से चीनी उपलब्ध कराई। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि जब चीनी का पुराना भाव 45 रुपये किलो था और सरकार के पास पर्याप्त स्टॉक होने की बात कही गई है, तो बाजार में चीनी महंगी क्यों बिक रही है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि जब तक चीनी का भाव पुराने स्तर पर नहीं आता, तब तक अलग-अलग स्थानों पर स्टॉल लगाकर विरोध जारी रखा जाएगा। चीनी के बढ़े बाजार भाव को लेकर भारतीय किसान यूनियन लाल बहादुर शास्त्री ने सरकार के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। संगठन की ओर से बुधवार को रुड़की चुंगी पर चीनी बिक्री का स्टॉल लगाया गया, जहां लोगों को 45 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी उपलब्ध कराई गई। यूनियन पदाधिकारियों के मुताबिक स्टॉल पर रखी पांच क्विंटल चीनी कुछ ही समय में बिक गई।
भारतीय किसान यूनियन लाल बहादुर शास्त्री के जिला अध्यक्ष ने कहा कि चीनी का भाव पहले करीब 45 रुपये किलो था, लेकिन वर्तमान में बाजार में यही चीनी 60 से 65 रुपये किलो तक बिक रही है। उन्होंने कहा कि संगठन इसी बढ़े हुए भाव का विरोध कर रहा है और लोगों को 45 रुपये किलो की दर से चीनी उपलब्ध कराकर अपना विरोध दर्ज करा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के एक संबोधन में प्रदेश में करीब सात महीने का चीनी स्टॉक उपलब्ध होने की बात कही गई थी। ऐसे में संगठन का सवाल है कि पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद बाजार में चीनी महंगी क्यों बिक रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि चीनी को पुराने भाव के मुताबिक 45 रुपये किलो की दर पर उपलब्ध कराया जाए।
भारतीय किसान यूनियन के महानगर अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, जबकि चीनी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसानों को गन्ने का उचित भाव नहीं मिल रहा है तो उपभोक्ताओं पर भी चीनी की बढ़ी कीमतों का बोझ नहीं डाला जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि यूनियन के बाबा श्यामलाल की ओर से इस संबंध में कई बार मुख्यमंत्री को पत्र भेजे जा चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। संगठन ने घोषणा की कि मुजफ्फरनगर में अलग-अलग स्थानों पर स्टॉल लगाकर 45 रुपये किलो की दर से चीनी उपलब्ध कराने और बढ़े दामों का विरोध करने का अभियान जारी रखा जाएगा।
यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार ये स्टॉल गरीब बस्तियों में भी लगाए जाएंगे। संगठन का कहना है कि जब तक चीनी के दाम पुराने स्तर पर नहीं आते, तब तक विरोध जारी रहेगा। इसके बाद यूनियन से जुड़े 15 राज्यों में भी इसी तरह का अभियान चलाने की बात कही गई है।

विरोध प्रदर्शन के दौरान यूनियन के जिला अध्यक्ष चौधरी शादाब, जिला संरक्षक बाबा श्याम लाल, महानगर अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद, जिला मंत्री फिरोज खान जिला मंत्री साहिल, जिला संगठन मंत्री ठाकुर मुरसलीन राव, जिला वरिष्ठ मंत्री साबिर चौधरी, सलमान रईस शहजाद आदि पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments