रिपोर्ट – शारिक खान
रामपुर। ओवरलोडिंग के खिलाफ परिवहन विभाग ने देर रात से सुबह तक विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। एआरटीओ श्री राजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान कुल छह डंपर/ट्रक ओवरलोड पाए जाने पर सीज किए गए। इसके अलावा पांच अन्य डंपरों के चालान भी किए गए।
परिवहन विभाग की टीम ने रात करीब 11:30 बजे से सुबह 7:00 बजे तक विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दो ओवरलोड डंपर भोट थाना क्षेत्र, एक पटवाई थाना क्षेत्र तथा तीन डंपर नवीन मंडी थाना क्षेत्र में सीज किए गए।
जांच के दौरान ओवरलोड पाए गए पांच अन्य डंपरों के भी चालान किए गए। परिवहन विभाग की कार्रवाई में कुल 3.12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
एआरटीओ श्री राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ओवरलोडिंग के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ने के साथ ही सड़कों और पुलों को भी नुकसान पहुंचता है। ऐसे में शासन के निर्देशों के क्रम में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन स्वामियों एवं चालकों से निर्धारित क्षमता के अनुरूप ही माल परिवहन करने की अपील की।
