Homeउत्तर प्रदेशएमके हॉस्पिटल में एक्स-रे सेंटर और स्किन प्रोसीजर रूम सील

एमके हॉस्पिटल में एक्स-रे सेंटर और स्किन प्रोसीजर रूम सील

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। खालापार स्थित एमके हॉस्पिटल में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण कर दो चिकित्सा सेवाओं पर कार्रवाई की। जांच के दौरान बिना आवश्यक पंजीकरण के संचालित एक्स-रे सेंटर और आवश्यक पंजीकरण के अभाव में चल रहे स्किन प्रोसीजर रूम को सील कर दिया गया। कार्रवाई से अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया।

चिकित्सा अधिकारी डॉ. महक सिंह के नेतृत्व में टीम एमके हॉस्पिटल पहुंची। टीम ने अस्पताल में संचालित विभिन्न चिकित्सा सेवाओं के साथ संबंधित अभिलेखों और व्यवस्थाओं की जांच की।

जांच के दौरान अस्पताल परिसर में संचालित एक्स-रे सेंटर के लिए आवश्यक पंजीकरण उपलब्ध नहीं मिला। टीम ने मौके पर अभिलेखों की जांच और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के बाद एक्स-रे सेंटर को तत्काल सील कर दिया।

इसके बाद अस्पताल में संचालित स्किन प्रोसीजर रूम की भी जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यहां एक महिला चिकित्सक द्वारा त्वचा संबंधी चिकित्सा प्रक्रियाएं किए जाने की जानकारी मिली, लेकिन संबंधित चिकित्सक का आवश्यक पंजीकरण उपलब्ध नहीं पाया गया। इस पर टीम ने स्किन प्रोसीजर रूम को भी सील कर दिया।

स्पष्टीकरण तलब, जवाब के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई

स्वास्थ्य विभाग ने दोनों मामलों में अस्पताल प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा है। अधिकारियों के मुताबिक स्पष्टीकरण और उपलब्ध अभिलेखों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर अस्पताल प्रबंधन और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद बिना आवश्यक पंजीकरण या निर्धारित मानकों के अनुरूप चिकित्सा सेवाएं संचालित करने वाले संस्थानों में खलबली मची रही। अधिकारियों ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा और चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जनपद में निरीक्षण और जांच की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments