रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना तहसील परिसर में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कलाकारों ने नाटकीय प्रस्तुति के जरिए आमजन को सरकार की विभिन्न जनहितकारी, कल्याणकारी और लाभार्थीपरक योजनाओं की जानकारी दी।
संस्कृति विभाग के कलाकार अंकित कुमार के नेतृत्व में कलाकारों की टोली ने मंचन के माध्यम से लोगों को योजनाओं के लाभ, सरकार की उपलब्धियों और जनहित में किए जा रहे कार्यों के बारे में जागरूक किया। कलाकारों ने देशहित में किए गए और किए जा रहे कार्यों को भी नाटक के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
नुक्कड़ नाटक देखने के लिए तहसील परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुटे। कलाकारों की प्रस्तुति के दौरान लोगों की भीड़ बनी रही। कार्यक्रम के बाद लोगों ने कलाकारों के अभिनय और नाटक के माध्यम से दी गई योजनाओं की जानकारी की सराहना की। संस्कृति विभाग की टीम ने लोगों से जनहित में संचालित योजनाओं की जानकारी लेकर पात्र होने पर उनका लाभ उठाने की अपील भी की।
