रिपोर्टर: वीरेंद्र तोमर
बागपत। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए परिवहन विभाग ने बागपत शहर कोतवाली क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
प्रतिबंधित साइलेंसर लगी 5 बुलेट बाइक सील
चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने प्रतिबंधित और तेज आवाज वाले साइलेंसर का उपयोग करते पाए जाने पर 5 बुलेट मोटरसाइकिलों को सील कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे साइलेंसर ध्वनि प्रदूषण फैलाने के साथ यातायात नियमों का भी उल्लंघन करते हैं।
70 से अधिक वाहनों के चालान
अभियान के दौरान विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 70 से अधिक वाहन चालकों के चालान किए गए। साथ ही हाईवे पर संचालित एक जुगाड़ वाहन को जब्त कर स्क्रैप यार्ड भेज दिया गया।
यातायात नियमों के पालन की अपील
एआरटीओ विपिन कुमार ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, मानक साइलेंसर का उपयोग करने, हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने तथा सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
