शुभम सिंह
बाँदा। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए बाँदा सदर विधायक श्री प्रकाश द्विवेदी ने आज नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की। सुबह उन्होंने बाँदा नगर के वार्ड संख्या-8 बंगालीपुरा में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ पेयजल, विद्युत आपूर्ति, जल निकासी और साफ-सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया तथा स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को सुनकर अधिकारियों को उनके अतिशीघ्र समाधान के निर्देश दिए, साथ ही घर-घर जाकर नागरिकों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार के सफल 9 वर्षों की उपलब्धियों के पत्रक वितरित किए। इसके बाद विधायक ने ग्राम अनथुआ में देवरार-अनथुआ मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन और शिलान्यास किया, जहाँ लगभग ₹2638.63 लाख (₹26.38 करोड़) की लागत से सड़क की चौड़ाई 3.75 मीटर से बढ़ाकर 5.50 मीटर की जाएगी और आबादी क्षेत्र में सीसी सड़क व नाला निर्माण सहित थर्मोप्लास्टिक पेंटिंग व संकेतक बोर्ड जैसे रोड सेफ्टी के कार्य कराए जाएंगे, जिससे ग्रामीणों को सुगम आवागमन के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापार में बढ़ावा मिलेगा; इस अवसर पर विद्युत व जल संस्थान के अधिशासी अभियंताओं सहित भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू राजपूत, ब्लॉक प्रमुख स्वर्ण सिंह और भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
