संवाददाता: नितिन कुमार
रामपुर जनपद के बिलासपुर क्षेत्र में खनन माफियाओं के बढ़ते हौसलों का एक और मामला सामने आया है। देर रात अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों की चेकिंग पर निकले एसडीएम अरुण कुमार की सरकारी गाड़ी में तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सरकारी वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि गनीमत रही कि एसडीएम और उनकी टीम बाल-बाल बच गई।
जानकारी के अनुसार एसडीएम अरुण कुमार देर रात अपनी टीम के साथ ओवरलोड वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान उनकी सरकारी गाड़ी सड़क किनारे खड़ी थी और अधिकारी टीम के साथ कुछ दूरी पर मौजूद थे। तभी तेज रफ्तार ओवरलोड डंपर ने पीछे से सरकारी वाहन को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
डंपर का पीछा कर किया गया सीज
घटना के तुरंत बाद प्रशासनिक टीम सक्रिय हुई और डंपर का पीछा किया गया। कुछ दूरी पर वाहन को पकड़ लिया गया और कानूनी कार्रवाई करते हुए सीज कर दिया गया। हालांकि आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
पहले भी हो चुका है बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में ओवरलोड डंपरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कुछ दिन पहले भी इलाके में एक तेज रफ्तार डंपर सड़क किनारे बने गरीब परिवार के घर में जा घुसा था, जिससे मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।
हालांकि उस घटना में भी जनहानि नहीं हुई थी, क्योंकि परिवार के लोग घर के बाहर सो रहे थे। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
अवैध खनन पर प्रशासन सख्त
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। एसडीएम अरुण कुमार ने कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी नियमों की अनदेखी नहीं करने दी जाएगी।
घटना के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी अवैध खनन और ओवरलोड डंपरों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग उठाई है।
