संवाददाता: नितिन कुमार
रामपुर से बड़ी खबर
रामपुर जनपद के खजुरिया थाना की साइबर सेल ने ऑनलाइन ठगी के शिकार एक युवक को बड़ी राहत देते हुए उसके ₹10 हजार वापस उसके बैंक खाते में जमा करा दिए।
ऑनलाइन ठगी का हुआ था शिकार
थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम अहरो निवासी अली हसन पुत्र अब्दुल मजीद ने साइबर पोर्टल और हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, अज्ञात साइबर ठगों ने ऑनलाइन माध्यम से उनके बैंक खाते से ₹10 हजार की धोखाधड़ी कर ली थी।
तकनीकी जांच से मिली सफलता
शिकायत मिलने के बाद उप निरीक्षक योगेश मलिक और महिला आरक्षी गंगा देवी की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और डिजिटल टूल्स की मदद से जांच शुरू की। टीम ने संबंधित बैंक और मर्चेंट से तत्काल संपर्क कर धनराशि को होल्ड कराया और उसे वापस कराने की प्रक्रिया पूरी की।
पीड़ित के खाते में लौटे पूरे रुपये
साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई के चलते ठगी गई ₹10 हजार की पूरी राशि पीड़ित अली हसन के बैंक खाते में वापस जमा करा दी गई।
पीड़ित ने जताया आभार
राशि वापस मिलने पर अली हसन ने खजुरिया साइबर सेल और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहने और साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
