रिपोर्ट: कबीर
स्थान: मुजफ्फरनगर
लगातार हो रही बारिश के बीच जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुरकाजी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर जलभराव और सोलानी नदी के बढ़ते जलस्तर की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खेतों में भरे पानी और राहत-बचाव की तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही जेसीबी मशीन की मदद से जल निकासी में बाधा बन रहे मलबे, कचरे और अन्य अवरोधों को हटवाकर पानी की निकासी सुचारु कराने के निर्देश दिए।
डीएम और एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि जल निकासी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान नदी किनारे और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
