रिपोर्टर: सुदेश वर्मा
स्थान: बागपत
पर्यावरण संरक्षण के लिए अनूठी पहल
बागपत में जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘एक पौधा, एक संदेश’ अभियान की शुरुआत की। इस पहल के तहत ‘आम बाहर, आपके द्वार’ कार्यक्रम में तहसील और जनसुनवाई के लिए पहुंचे प्रत्येक शिकायतकर्ता एवं किसान को एक पौधा भेंट किया गया। इस दौरान लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने की भी अपील की गई।
12 जुलाई को होगा वृहद वृक्षारोपण महाअभियान
जिलाधिकारी ने बताया कि 12 जुलाई को पूरे जनपद में वृहद वृक्षारोपण महाअभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी से बड़ी संख्या में पौधे लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य जिले में हरित क्षेत्र का विस्तार करना और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देना है।
पौधों की देखभाल पर भी दिया जोर
डीएम अस्मिता लाल ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
जनभागीदारी से सफल होगा अभियान
प्रशासन का मानना है कि जनसहभागिता से ही पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य सफल हो सकता है। इसी उद्देश्य से लोगों को पौधे भेंट कर उन्हें प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रशासन ने जिलेवासियों से आगामी वृक्षारोपण महाअभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
