स्थान: सिकंदराबाद
बुलंदशहर। डीआईजी कलानिधि नैथानी के निर्देश पर सिकंदराबाद कोतवाली के कुछ पुलिसकर्मियों के खिलाफ गंभीर आरोपों के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
शिकायतकर्ता सलमान ने आरोप लगाया था कि उन्हें टोल प्लाजा से उठाकर थाने ले जाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 6 लाख रुपये की वसूली की गई।
शिकायत में तत्कालीन थाना प्रभारी नीरज मलिक, उपनिरीक्षक अरुण कुमार, कांस्टेबल योगेश समेत चार अन्य पुलिसकर्मियों के नाम शामिल बताए गए हैं।
शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए थाना परिसर और टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कराने की मांग की थी।
अब संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद मामले की विधिक जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
