रिपोर्टर: सविता सिंह
लोकेशन: सिकंदराबाद, बुलंदशहर
बुलंदशहर के सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव निजामपुर में पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतकों की पहचान अजब सिंह और सोनू के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच विवाद के दौरान दर्जनभर से अधिक राउंड फायरिंग हुई।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर और डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मौके से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगे की जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।
