रिपोर्ट: श्याम सिंह
जिला अस्पताल परिसर में चला पौधारोपण अभियान
औरैया। पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति (पंजीकृत) द्वारा संचालित ‘जीवनधारा पौधारोपण अभियान’ के तहत शनिवार को 50 सैया जिला अस्पताल परिसर स्थित वीर हनुमान मंदिर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
5100 पौधे लगाने का रखा गया लक्ष्य
समिति द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर 5100 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में जिला अस्पताल परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने किया शुभारंभ
पौधारोपण अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने पौधा लगाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है।
समिति के पदाधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू), संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता (अधिवक्ता), राम आसरे गुप्ता सहित समिति के अन्य सदस्य और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण को जनआंदोलन बनाने पर बल दिया।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल भी आवश्यक है। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें सुरक्षित रखने की अपील की, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके।
