रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। चरथावल पुलिस ने चेकिंग के दौरान 15 लीटर अपमिश्रित शराब और दो किलो यूरिया के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक भी बरामद की है। आरोपी को कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सात अक्टूबर को उपनिरीक्षक देवकीनंदन पुलिस टीम के साथ हिंडन नदी पर शांति व्यवस्था और चेकिंग में तैनात थे। इसी दौरान अकबरगढ़ की ओर से एक बाइक पर दो लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी से रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार पीछे मुड़ने लगे। इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति जंगल की ओर भाग निकला।
पुलिस ने बाइक चालक को पकड़कर पूछताछ की। उसकी पहचान ब्रजमोहन पुत्र कालूराम, निवासी खानपुर जटान, थाना झिंझाना, शामली के रूप में हुई। फरार व्यक्ति की पहचान मंगल पुत्र जनार्दन निवासी खानपुर जटान के रूप में बताई गई है।
तलाशी के दौरान ब्रजमोहन के कब्जे से 15 लीटर अपमिश्रित शराब, दो किलो यूरिया और बाइक संख्या यूपी-19ई-2923 बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 274/275 बीएनएस और 60(1)/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक निक्की माहौर को सौंपी गई है।
पहले भी दर्ज हैं शराब के मुकदमे
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार ब्रजमोहन के खिलाफ झिंझाना थाने में आबकारी अधिनियम के तहत पहले भी दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके आपराधिक इतिहास की जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक देवकीनंदन, कांस्टेबल सोनू, आशीष और फखरुद्दीन शामिल रहे।
