Homeउत्तर प्रदेश12 साल की विकास यात्रा का आईना बनी विकास चित्र प्रदर्शनी, मंत्री...

12 साल की विकास यात्रा का आईना बनी विकास चित्र प्रदर्शनी, मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने किया उद्घाटन

रिपोर्ट: कबीर

मुजफ्फरनगर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को विकास चित्र प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ किया गया। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र (सोल्जर बोर्ड) स्थित मानेकशॉ सभागार में सूचना विभाग द्वारा आयोजित चार दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री (व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता) कपिल देव अग्रवाल ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उद्घाटन के पश्चात मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग तथा अन्य गणमान्य नागरिकों के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और उपलब्धियों को चित्रों एवं फोटोग्राफ्स के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।

इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि बीते वर्षों में केंद्र और प्रदेश सरकार ने समाज के हर वर्ग के कल्याण और विकास के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जनधन योजना, मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि, पीएम सूर्यघर और पीएम विश्वकर्मा जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने भी जेवर एयरपोर्ट, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, कृषक दुर्घटना सहायता योजना, विभिन्न पेंशन योजनाओं तथा सड़क एवं एक्सप्रेस-वे नेटवर्क के विस्तार के माध्यम से विकास को नई गति प्रदान की है। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य जनसामान्य को सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों से अवगत कराना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने प्रदर्शनी परिसर में बनाए गए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के सेल्फी प्वाइंट पर फोटो भी खिंचवाया। इससे पूर्व अपर जिला सूचना अधिकारी नरसिंह एवं जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल राजीव चौहान ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने किया।

चार दिनों तक चलने वाली यह विकास चित्र प्रदर्शनी 20 जून तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी, जहां एक ही छत के नीचे केंद्र और प्रदेश सरकार की विकास यात्रा, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत झलक देखने को मिलेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments