रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। तितावी थाना क्षेत्र में नलकूप की दीवार तोड़कर स्टार्टर और केबल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने महज 10 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया है। आरोपियों के कब्जे से नलकूप से चोरी किए गए स्टार्टर, कॉपर वायर समेत अन्य सामान के अलावा दो अवैध चाकू और चोरी में इस्तेमाल बेल्चा बरामद हुआ है।
गांव बुडिना कलां निवासी संजीव पुत्र ओमपाल सिंह ने 18 सितंबर को तितावी थाने में तहरीर देकर बताया था कि 16 और 17 सितंबर की रात अज्ञात चोर नलकूप की दीवार में कुम्बल कर स्टार्टर और केबल चोरी कर ले गए। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की।
थानाध्यक्ष जयवीर चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच और सुराग के आधार पर ग्राम पीरबड़ निवासी शुभम पुत्र सुनील (24) और आशू उर्फ अन्नू पुत्र संजय (22) को धौलरा बस स्टैंड से करीब 50 मीटर की दूरी पर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों से चोरी का माल भी बरामद हुआ।
बरामद सामान में करीब तीन मीटर के दो टुकड़ों में प्लास्टिक केबल, जिसके अंदर से कॉपर वायर निकला हुआ था, दो कटआउट लगे स्टार्टर बोर्ड और क्षतिग्रस्त लोहे का कवर, तीन क्षतिग्रस्त स्टार्टर कॉयल, करीब चार मीटर बिजली के वायर के टुकड़े और लोहे के कॉयल के तीन टुकड़े शामिल हैं। इसके अलावा दीवार में कुम्बल करने में इस्तेमाल किया गया लोहे का बेल्चा और दो अवैध चाकू भी पुलिस ने बरामद किए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 215/26 में धारा 305(ए), 331(4), 317(2) बीएनएस और 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमित चौधरी, उपनिरीक्षक नवनीत यादव, हेड कांस्टेबल 328 लोकेन्द्र, आरक्षी 1081 राकेश कुमार और आरक्षी 1664 नितिन शामिल रहे।
