बिना जांच पत्रकारों पर मुकदमा न दर्ज करने के आदेश पर डीएम का आभार, संगठन को मजबूत बनाने पर जोर
रिपोर्ट – हरीश राज चक्रवर्ती
हमीरपुर। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की जिलास्तरीय बैठक सोमवार को कस्बे के प्रकाश लॉज में जिलाध्यक्ष मनोज कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के सदस्यता अभियान को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने और पत्रकारों के हितों की रक्षा के मुद्दे प्रमुखता से उठे। मुख्य अतिथि मंडल अध्यक्ष यूनुस खान ने सभी तहसील अध्यक्षों को अधिक से अधिक पत्रकारों को संगठन से जोड़ने तथा 15 दिसंबर तक सदस्यता अभियान पूरा कराने के निर्देश दिए।
मंडल अध्यक्ष यूनुस खान ने कहा कि प्रांतीय निर्देशानुसार 15 अक्टूबर से 15 दिसंबर तक सदस्यता अभियान चलाया जाना है। सभी पदाधिकारी अभियान को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय में लक्ष्य पूरा करें, ताकि संगठन को और मजबूत बनाया जा सके।
जिलाध्यक्ष मनोज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विगत दिनों स्थायी समिति की बैठक में जिलाधिकारी अशोक कुमार ने बिना समिति की जांच के पत्रकारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस पहल के लिए जिलाधिकारी का आभार जताया।
विशिष्ट अतिथि मंडल उपाध्यक्ष मुनीर खान ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी पदाधिकारी ईमानदारी से काम करें और जनहित से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उजागर करें। पत्रकारों की सक्रियता से समाज की समस्याएं सामने आएंगी और पत्रकारिता के प्रति लोगों का विश्वास व सम्मान बढ़ेगा।
बैठक का संचालन जिला महासचिव नंदकिशोर यादव ने किया। इस मौके पर जिला कमेटी के संतोष चक्रवर्ती, सोनू चौधरी, राजेश अवस्थी, जितेंद्र यादव, हरीशराज चक्रवर्ती, हिमांशु गुप्ता, दीपक यादव, सुबोध गुप्ता, नवल किशोर, धर्मेंद्र प्रजापति, किशन साहू, दीपक खंगार सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
