Homeउत्तर प्रदेशश्रीराम कॉलेज की बेटियों ने हैंडबॉल में मारी बाजी, तीनों मैच जीतकर...

श्रीराम कॉलेज की बेटियों ने हैंडबॉल में मारी बाजी, तीनों मैच जीतकर बनीं चैंपियन

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज की महिला हैंडबॉल टीम ने मां शाकुंभरी अंतरमहाविद्यालय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। टीम ने लगातार तीनों मुकाबलों में जीत दर्ज कर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया। फाइनल मुकाबले में कांधला की टीम को हराकर श्रीराम कॉलेज की खिलाड़ियों ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, देवबंद में आयोजित प्रतियोगिता में मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में श्रीराम कॉलेज की टीम शुरू से ही विरोधियों पर भारी रही। पहले मुकाबले में श्रीराम कॉलेज ने एमएस कॉलेज, सहारनपुर को 15-0 से करारी शिकस्त दी। दूसरे मैच में एसडी कॉलेज ऑफ कॉमर्स, मुजफ्फरनगर की टीम को 17-0 से हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

इसके बाद निर्णायक मुकाबले में श्रीराम कॉलेज की खिलाड़ियों ने गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज, कांधला की टीम को 11-4 से हराकर खिताब पर कब्जा जमा लिया। प्रतियोगिता में कांधला की टीम उपविजेता और एसडी कॉलेज ऑफ कॉमर्स की टीम तीसरे स्थान पर रही।

शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। उनके शानदार खेल की बदौलत कॉलेज को यह उपलब्धि हासिल हुई।

जीत के बाद श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के चेयरमैन डॉ. एससी कुलश्रेष्ठ ने विजेता खिलाड़ियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के दम पर टीम ने कॉलेज का नाम रोशन किया है। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल और उपप्राचार्य डॉ. सौरभ मित्तल ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और भविष्य में इसी तरह प्रदर्शन जारी रखने की उम्मीद जताई।

इस अवसर पर प्रतियोगिता के आयोजन सचिव डॉ. मौहम्मद आरिफ, डॉ. अब्दुल अजीज खान, संदीप देशवाल, अमरदीप, तरुण, प्रशांत सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments