जुलूस मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों का किया निरीक्षण, पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश
रिपोर्टर: कबीर
मुजफ्फरनगर। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) अमृत जैन ने थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में एसपी सिटी ने मोहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्गों, संवेदनशील स्थानों तथा प्रमुख चौराहों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा करते हुए सभी पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। एसपी सिटी ने अधिकारियों से कहा कि मोहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक पुलिसकर्मी अपने निर्धारित दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करे।
उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया।
पुलिस अधिकारियों के लगातार क्षेत्र भ्रमण, निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा से स्पष्ट है कि मुजफ्फरनगर पुलिस मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है ताकि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे।
