Homeउत्तर प्रदेशफायरिंग की घटना के बाद पीड़ित परिवार ने की आरोपियों की गिरफ्तारी...

फायरिंग की घटना के बाद पीड़ित परिवार ने की आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। भोकरहेड़ी कस्बे में शुक्रवार की रात जन्मदिन की पार्टी के बाद कार सवार हमलावरों द्वारा एक मकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग किए जाने की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। गोलियों से मकान के दरवाजे और दीवारों पर निशान बन गए। घटना के बाद से पीड़ित परिवार भयभीत है। परिवार ने अपनी सुरक्षा को खतरा बताते हुए पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, फायरिंग की घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

भोपा थाना क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी के मोहल्ला नेहरू चौक में शुक्रवार रात संजीव और राजीव के मकान पर फायरिंग की गई थी। घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसपी अक्षय संजय महाडिक, क्षेत्राधिकारी राधा रमण सिंह, प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने पीड़ित परिवार को कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया था। पुलिस ने इस मामले में बादल, निखिल उर्फ फाटा, हार्दिक और राजन निवासी भोकरहेड़ी तथा आर्यन खेड़ा निवासी तुगलकपुर, थाना पुरकाजी व अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पीड़ित के मकान पर पुलिस तैनात की गयी है।
घटना के दो दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़ित परिवार ने चिंता जताते हुए शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। बताया जा रहा है कि मामला दो पक्षों के बीच चली आ रही रंजिश से जुड़ा है। बीती तीन अगस्त को भी एक पक्ष की ओर से विक्रांत ने थाना भोपा में मुकदमा दर्ज कराया था।
फायरिंग की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर हमलावर गोली चलाते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद मकान के बाहर बड़ी संख्या में खाली कारतूस के खोखे बिखरे पड़े हैं। ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से पीड़ित परिवार के साथ-साथ कस्बे के लोगों में भी भय व्याप्त है।

थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। उनकी तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments