Homeउत्तर प्रदेशप्रभारी मंत्री ने एसएसआर एवं जनगणना-2027 की तैयारियों की समीक्षा की, छूटे...

प्रभारी मंत्री ने एसएसआर एवं जनगणना-2027 की तैयारियों की समीक्षा की, छूटे हुए पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील

अधिक से अधिक नागरिक स्व-गणना में करें प्रतिभाग, सभी संबंधित अधिकारी अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाएं : प्रभारी मंत्री

रिपोर्ट – शारिक खान

रामपुर। जनपद भ्रमण के दौरान मा. प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिसोदिया एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) तथा जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित होने वाले स्व-गणना कार्यक्रम की तैयारियों एवं प्रगति की समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष ध्यान दिया जाए तथा कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे प्रभारी मंत्री ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे नागरिक जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है और किसी कारणवश अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर पात्र युवाओं एवं छूटे हुए नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त होने वाले दावे एवं आपत्तियों का निर्धारित समयसीमा में नियमानुसार निस्तारण हो। इसके लिए बूथ स्तर पर जागरूकता बढ़ाने, पात्र नागरिकों तक जानकारी पहुंचाने तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए बैठक में जनगणना-2027 के अंतर्गत 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक आयोजित होने वाले स्व-गणना कार्यक्रम पर भी चर्चा की गई। प्रभारी मंत्री ने जनपदवासियों से अपील की कि वे स्व-गणना कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर जनगणना की प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के विकास की योजनाओं के निर्माण एवं भविष्य की आवश्यकताओं के आकलन का महत्वपूर्ण आधार है। इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्व-गणना कार्यक्रम का गांव-गांव और शहर-शहर व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय स्तर पर कार्यरत कार्मिक आमजन को स्व-गणना की प्रक्रिया के बारे में जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस अभियान से जुड़ सकें।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण एवं जनगणना-2027 के स्व-गणना कार्यक्रम को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी गतिविधियां पूर्ण कराएं इस अवसर पर एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, उपाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग आयोग सूर्य प्रकाश पाल, जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments