रिपोर्ट – कबीर
मुज़फ्फरनगर मोरना। क्षेत्र की गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर निरगाजनी झाल के पास तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क किनारे जा रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से घायल को भोपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव रहमतपुर निवासी धर्मपाल सिंह पुत्र सिरदारा 60 वर्ष कचरा बीनने का काम करते हैं। बुधवार दोपहर वह कचरा बीनने के लिए गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग स्थित निरगाजनी झाल के पास गए था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से धर्मपाल सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने हादसे की सूचना एंबुलेंस को दी। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायल को भोपा सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बुजुर्ग की हालत गंभीर बताई जा रही है।
