Homeउत्तर प्रदेशडोडा तस्करी का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, 25 किलो से अधिक मादक पदार्थ...

डोडा तस्करी का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, 25 किलो से अधिक मादक पदार्थ के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

रिपोर्ट: कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने डोडा तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 25.33 किलोग्राम अवैध डोडा, तस्करी में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार और एक पिट्ठू बैग बरामद किया गया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार थाना शाहपुर पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर खतौला मोड़ की ओर से अवैध मादक पदार्थ लेकर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी गजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार सवार पुलिस को देखकर वाहन मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए खतौला मोड़ के निकट कुटबा-कुटबी मार्ग पर घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन निवासी सिखेड़ा, विपिन निवासी आदमपुर, अमित कुमार निवासी सावली तथा मनीष निवासी आदमपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे राजस्थान के चित्तौड़गढ़ क्षेत्र से डोडा खरीदकर मुजफ्फरनगर और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करते थे और इससे अच्छा मुनाफा कमाते थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पवन के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

इस मामले में थाना शाहपुर पर मुकदमा संख्या 159/2026, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments