Homeउत्तर प्रदेशट्रांसफार्मर और ट्यूबवेल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर...

ट्रांसफार्मर और ट्यूबवेल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर समेत तीन गिरफ्तार

बुढ़ाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त कार्रवाई, आठ चोरी की वारदातों का खुलासा;

शामली तक फैला था गिरोह का नेटवर्क, कबाड़ी को बेचते थे चोरी का सामान

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। खेतों में लगे ट्यूबवेल के विद्युत उपकरण और बिजली ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाने वाले शातिर चोर गिरोह पर बुढ़ाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने शिकंजा कस दिया। ऑपरेशन किसान प्रहरी के तहत मंदवाड़ा मार्ग पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में गिरोह का एक सदस्य गोली लगने से घायल हो गया, जबकि कांबिंग के दौरान उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान सलीम उर्फ चौना निवासी निराना थाना सिखेड़ा, लवकुश निवासी निराना थाना सिखेड़ा और सरताज निवासी मंसूरपुर के रूप में हुई है। घायल सलीम उर्फ चौना को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, सलीम शातिर हिस्ट्रीशीटर है और पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्यूबवेल से चोरी किए गए तार, जले हुए कॉपर के तार, एल्युमिनियम के तार, विद्युत केबल, दो स्टार्टर, दो क्षतिग्रस्त कंट्रोलर, ट्रांसफार्मर की कॉयल, कटआउट, चोरी करने के उपकरण, एक अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल और पांच हजार रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा रतनपुरी क्षेत्र में शराब ठेके से चोरी किए गए देशी शराब के 45 और अंग्रेजी शराब के चार पव्वे भी मिले हैं।

शामली तक फैला था चोरी का नेटवर्क

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर ट्यूबवेल से विद्युत उपकरण और ट्रांसफार्मर से कीमती सामान चोरी करते थे। चोरी किए गए सामान को बेचकर अवैध कमाई की जाती थी। पुलिस के मुताबिक, गिरोह का नेटवर्क मुजफ्फरनगर के साथ शामली जनपद तक फैला हुआ था। आरोपियों ने शामली के कोतवाली क्षेत्र में भी चोरी की चार वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सरताज कबाड़ी का काम करता है। गिरोह के सदस्य चोरी किए गए विद्युत उपकरण और अन्य सामान उसे बेच देते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही और पूछताछ के आधार पर कुल आठ मुकदमों का खुलासा किया है। इनमें शामली कोतवाली के चार, मुजफ्फरनगर के नई मंडी का एक, बुढ़ाना का एक और रतनपुरी थाने के दो मुकदमे शामिल हैं।

हिस्ट्रीशीटर पर दर्ज हैं 21 मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, घायल सलीम उर्फ चौना थाना सिखेड़ा का हिस्ट्रीशीटर (एचएस-24ए) है और चोरी के गिरोह का सक्रिय सदस्य रहा है। उसके खिलाफ लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और पुलिस मुठभेड़ समेत विभिन्न धाराओं में 21 मुकदमों का आपराधिक इतिहास सामने आया है। वहीं लवकुश के खिलाफ 12 और सरताज के खिलाफ 10 मुकदमों का आपराधिक इतिहास बताया गया है।

बुढ़ाना थाने में सलीम के खिलाफ पुलिस मुठभेड़ और अवैध हथियारों से संबंधित मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस तीनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।

प्रभारी निरीक्षक सुभाष अत्री के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक सुभाष बाबू अत्री के नेतृत्व में बुढ़ाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने की। टीम में एसओजी देहात प्रभारी उपनिरीक्षक मोहित चौधरी, उपनिरीक्षक सूर्यप्रताप सिंह और छविकांत सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई से खेतों में लगे विद्युत उपकरणों और ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाने वाले गिरोह का नेटवर्क सामने आया है। आठ चोरी के मुकदमों के खुलासे को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments