रिपोर्ट – सोनम यादव
ललितपुर। थाना पाली क्षेत्र अंतर्गत टोरीया हनुमान मंदिर में चोरी का मामला सामने आया है। मंदिर के पुजारी द्वारा थाना पाली में दिए गए शिकायती प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि अज्ञात चोर मंदिर परिसर में बने कमरे की दीवार में तोड़फोड़ अंदर दाखिल हुए और कमरे में रखी नकदी सहित सामान चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया।
शिकायती पत्र के अनुसार, मंदिर के पुजारी ने बताया कि 13 सितंबर 2026 की सुबह करीब 7 बजे वह आवश्यक सामान लेने के लिए बाहर गए थे। इसके बाद करीब 12 बजे वापस मंदिर पहुंचे, तो मंदिर परिसर में बने कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। कमरे के अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। स्थिति देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई।
पुजारी के अनुसार, जब उन्होंने कमरे और आसपास की जगह को देखा तो दीवार टूटी हुआ मिला, जिससे आशंका जताई गई कि अज्ञात चोर दीवार तोड़कर कमरे के अंदर दाखिल हुए। आरोप है कि चोर कमरे में रखी रुपये की नकदी अपने साथ लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर से जुड़े लोगों में नाराजगी और चिंता का माहौल बन गया। पुजारी ने थाना पाली में शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की जांच कर अज्ञात चोरों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने तथा चोरी गई नकदी बरामद कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस धार्मिक स्थल पर पहले मूर्ति चोरी भी हो चुकी है इस मंदिर पर चोरो द्वारा बार बार चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जाता है। लोगों ने पुलिस से मामले की जांच कर जल्द से जल्द चोरी का खुलासा किए जाने की मांग की है। पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर घटना की जांच और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य संभावित साक्ष्यों की पड़ताल किए जाने से चोरों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही चोरी की घटना में शामिल आरोपियों, चोरी गई वास्तविक धनराशि और घटना के अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
